रुड़की में सॉस फैक्ट्री पर खाद्य सुरक्षा विभाग का छापा, बिना लेबल की 351 बोतलें सीज; 8 क्विंटल सॉस नष्ट

  • अस्वच्छ परिस्थितियों में हो रहा था सॉस निर्माण, आवश्यक दस्तावेज नहीं मिले; अग्रिम आदेश तक उत्पादन, संग्रहण और बिक्री पर रोक

रुड़की : जनपद में लगातार मिल रही शिकायतों और बाजारों में बिना लेबल की सॉस की बिक्री की सूचनाओं के बाद खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने रुड़की के मतलबपुर स्थित “मां भगवती फूड्स” पर बड़ी कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान बिना लेबल की 351 वेजिटेबल सॉस की बोतलें सीज की गईं, जबकि अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में तैयार किए गए करीब 8 क्विंटल सॉस को मौके पर ही नष्ट कर फैक्ट्री में सॉस एवं अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण, संग्रहण और विक्रय पर अग्रिम आदेश तक रोक लगा दी गई।

शिकायतों के आधार पर हुई छापेमारी

जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी ने बताया कि जनपद में लगातार मिल रही शिकायतों एवं बाजार में बिना लेबल की सॉस की बिक्री की सूचनाओं के आधार पर 29 जुलाई 2026 को उपयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन एवं पवन कुमार की टीम ने मतलबपुर, रुड़की स्थित “मां भगवती फूड्स” का औचक निरीक्षण किया।

351 बोतलें बिना लेबल के मिलीं

निरीक्षण के दौरान फैक्ट्री में वेजिटेबल सॉस की 351 बिना लेबल वाली बोतलें बरामद कर मौके पर सीज कर दी गईं। जांच में पाया गया कि बोतलों पर बैच नंबर, निर्माण तिथि, एक्सपायरी तिथि, निर्माता का नाम-पता, एफएसएसएआई लाइसेंस नंबर तथा सामग्री (इंग्रीडिएंट्स) की जानकारी अंकित नहीं थी, जो खाद्य सुरक्षा मानकों का स्पष्ट उल्लंघन है।

गंदगी के बीच तैयार हो रहा था खाद्य पदार्थ

खाद्य सुरक्षा टीम को निरीक्षण के दौरान सॉस निर्माण इकाई में गंभीर स्वच्छता संबंधी खामियां मिलीं। निर्माण में प्रयुक्त मशीनें अत्यधिक गंदी थीं, जबकि दीवारों और फर्श पर भी गंदगी जमी हुई थी। टीम ने इसे खाद्य सुरक्षा मानकों के विपरीत बताते हुए गंभीर अनियमितता माना।

दो नमूने जांच के लिए भेजे गए

टीम ने मौके से निर्मित वेजिटेबल सॉस सहित दो नमूने एकत्र कर जांच के लिए प्रयोगशाला, रुद्रपुर भेज दिए हैं। इसके अलावा फैक्ट्री संचालक पानी की गुणवत्ता जांच रिपोर्ट, कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण पत्र तथा प्लास्टिक बोतलों के फूड ग्रेड प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका।

8 क्विंटल सॉस नष्ट, उत्पादन और बिक्री पर रोक

लेबलिंग नियमों के उल्लंघन, अस्वास्थ्यकर परिस्थितियों में निर्माण तथा आवश्यक अभिलेख उपलब्ध न कराने के कारण फैक्ट्री में तैयार एवं स्टॉक में रखा लगभग 8 क्विंटल सॉस, जिसकी अनुमानित कीमत करीब ₹32 हजार थी, मौके पर ही नष्ट करा दिया गया। साथ ही फैक्ट्री में सॉस एवं अन्य खाद्य पदार्थों के निर्माण, संग्रहण और विक्रय पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी गई। विभाग द्वारा प्रतिबंध संबंधी नोटिस फैक्ट्री के मुख्य द्वार पर भी चस्पा कर दिया गया।

अनियमितताओं पर जारी रहेगी सख्त कार्रवाई

खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि खाद्य पदार्थों के निर्माण, संग्रहण एवं वितरण में किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर संबंधित इकाइयों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार की सख्त एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

देहरादून के भविष्य को आकार देने उमड़ रही जनता, महायोजना-2041 पर दूसरे चरण की सुनवाई में बढ़ी भागीदारी

Thu Jul 30 , 2026
देहरादून : देहरादून के भावी विकास की दिशा तय करने वाली देहरादून महायोजना-2041 (प्रारूप) को अधिक व्यावहारिक, समावेशी और जनोन्मुख बनाने के उद्देश्य से मसूरी देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा शुरू किए गए दूसरे चरण के जनसुनवाई अभियान को लगातार सकारात्मक प्रतिसाद मिल रहा है। उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी के निर्देश […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!