नन्दा जात यात्रा में सुरक्षा पर कड़ा पहरा, 1 जोन और 4 सेक्टरों में बांटा मार्ग

  • एसपी पुलिस बल की ब्रीफिंग कर कहा-श्रद्धालुओं की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता

गोपेश्वर (चमोली)। नन्दादेवी की बडी जात यात्रा में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए चमोली पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। थराली क्षेत्र के यात्रा मार्ग को एक जोन और चार सेक्टरों में बांटकर पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और अन्य टीमों की तैनाती की गई है। शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार ने चेपड़ो में यात्रा ड्यूटी पर तैनात पुलिस बल की ब्रीफिंग कर हर परिस्थिति में सतर्क और मुस्तैद रहने को कहा।

एसपी ने कहा कि मां नन्दादेवी की बडी जात यात्रा आस्था से जुड़ी अत्यंत महत्वपूर्ण और संवेदनशील यात्रा ै। बारिश के मौसम में दुर्गम पैदल रास्ते, कठिन चढ़ाई-उतराई और फिसलन को देखते हुए श्रद्धालुओं की सुरक्षा पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जवानों को मौसम और मार्ग की स्थिति पर लगातार नजर रखने तथा जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने जोर दिया।

पांच सितंबर से शुरू हुई यात्रा में चमोली पुलिस और एसडीआरएफ के जवान तीनों देव डोलियों के साथ दुर्गम पहाड़ी रास्तों पर श्रद्धालुओं के साथ चल रहे हैं। जवान कठिन चढ़ाई-उतराई के दौरान श्रद्धालुओं को सुरक्षित रास्ता पार कराने के साथ यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था संभाल रहे हैं।

थराली क्षेत्र में यात्रा ड्यूटी के लिए एक अपर पुलिस अधीक्षक, तीन पुलिस उपाधीक्षक, पांच निरीक्षक, 28 उपनिरीक्षक और अपर उपनिरीक्षक, 128 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल, 14 महिला कांस्टेबल तथा यातायात पुलिस के 12 जवान तैनात किए गए हैं। इसके अलावा आईआरबी की दो प्लाटून, एसडीआरएफ की तीन टीमें, फायर सर्विस की एक यूनिट और दूरसंचार टीमें भी यात्रा मार्ग पर तैनात हैं।

एसपी पंवार ने कहा कि पुलिस का प्रयास है कि माँ नन्दा की पावन यात्रा में शामिल हर श्रद्धालु सुरक्षित रहे और कठिन यात्रा को सकुशल पूरा कर अपने गंतव्य तक पहुंचे।

इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक आशीष भारद्वाज, एसडीएम कर्णप्रयाग अलकेश नोडियाल, एसडीएम थराली यशवीर सिंह, पुलिस उपाधीक्षक त्रिवेंद्र सिंह राणा, राजेश शाह, सुशील रावत आदि मौजूद रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

टिहरी मेडिकल कॉलेज की मांग को लेकर धरना 27वें दिन भी जारी, क्रमिक अनशन का 11वां दिन

Sat Sep 12 , 2026
टिहरी। टिहरी में मेडिकल कॉलेज निर्माण की मांग को लेकर टिहरी मेडिकल कॉलेज निर्माण संयुक्त संघर्ष समिति के नेतृत्व में चल रहा अनिश्चितकालीन धरना बुधवार को 27वें दिन भी जारी रहा। आंदोलन को क्रीड़ा विकास एवं खिलाड़ी कल्याण संघ-टिहरी का भी समर्थन मिल रहा है। वहीं मेडिकल कॉलेज निर्माण की […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!