कोटद्वार में विकास को मिली नई रफ्तार, सड़क और पुल परियोजनाओं से बदली तस्वीर

कोटद्वार : उत्तराखंड के जनपद पौड़ी गढ़वाल के कोटद्वार विधानसभा क्षेत्र में विकास की रफ्तार तेज हो गई है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणाओं के अनुरूप सड़क और सेतु निर्माण से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण परियोजनाएं अब पूरी हो चुकी हैं, जिससे क्षेत्र की तस्वीर बदल रही है।

जिलाधिकारी के अनुसार, इन परियोजनाओं के पूरा होने से न केवल यातायात व्यवस्था मजबूत हुई है, बल्कि हजारों लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा भी मिल रही है।

लोक निर्माण विभाग, दुगड्डा द्वारा चिल्लरखाल–सिगड्डी–कोटद्वार–पाखरौ मोटर मार्ग के 12 किलोमीटर हिस्से का सुदृढ़ीकरण किया गया है। लगभग 18 करोड़ 25 लाख रुपये की लागत से तैयार यह मार्ग अब सिगड्डी औद्योगिक क्षेत्र सहित किशनपुर, झण्डीचौड़, हल्दूखाता, मोटाढांग और दुर्गापुरी जैसे घनी आबादी वाले क्षेत्रों को कोटद्वार शहर से बेहतर तरीके से जोड़ रहा है। इतना ही नहीं, यह मार्ग कोटद्वार-नजीबाबाद मार्ग के बाधित होने पर हरिद्वार के लिए एक महत्वपूर्ण वैकल्पिक रास्ता भी बन गया है, जिससे करीब 80 हजार लोगों को सीधा लाभ मिल रहा है।

दूसरी बड़ी उपलब्धि है हल्दूखाता-सिगड्डी मार्ग पर तेलीस्रोत में बना 30 मीटर स्पान का आरसीसी सेतु और कल्वर्ट। लगभग 2 करोड़ 36 लाख रुपये की लागत से बने इस पुल ने औद्योगिक और आवासीय क्षेत्रों के बीच संपर्क को और आसान बना दिया है, जिससे वर्षभर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हुआ है।

इसके अलावा, विकासखंड दुगड्डा के लालपानी–सनेह मार्ग पर चार स्थानों पर पुलियों का निर्माण भी पूरा हो चुका है। लगभग 3 करोड़ 69 लाख रुपये की लागत से बने इन ढांचों ने बरसात के समय होने वाले जलभराव और आवागमन की समस्याओं को खत्म कर दिया है। अब यह मार्ग पहले से अधिक सुरक्षित हो गया है, जिससे लालपानी, बिशनपुर, कुम्भीचौड़ और ग्रास्टनगंज सहित आसपास के क्षेत्रों के लोग लाभान्वित हो रहे हैं।

इन सभी परियोजनाओं के पूरा होने से कोटद्वार क्षेत्र में विकास की नई राह खुली है, जहां अब लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी, सुरक्षा और सुविधाजनक यात्रा का अनुभव मिल रहा है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You May Like

Share
error: Content is protected !!