उत्तराखण्ड : NDA परीक्षा में जतिन सिंह भाट ने हासिल की ऑल इंडिया 11वीं रैंक

खटीमा : सीमांत क्षेत्र खटीमा के युवा जतिन सिंह भाट ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन कर अपने परिवार और क्षेत्र का मान बढ़ाया है। सैनिक कॉलोनी अमाऊं निवासी जतिन ने राष्ट्रीय रक्षा अकादमी (NDA) की प्रतिष्ठित परीक्षा में ऑल इंडिया 11वीं रैंक प्राप्त की है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है।
 
पूर्व सैनिक के बेटे ने हासिल की बड़ी सफलता
जतिन सिंह भाट के पिता नारायण भाट भारतीय सेना में हवलदार के पद पर अपनी सेवाएं देने के बाद सेवानिवृत्त हुए हैं। सेना से जुड़े पारिवारिक माहौल और अपने लक्ष्य के प्रति समर्पण ने जतिन को रक्षा क्षेत्र में करियर बनाने के लिए प्रेरित किया। NDA परीक्षा में देशभर में 11वां स्थान प्राप्त करना उनकी कड़ी मेहनत और निरंतर तैयारी का परिणाम है।
 
स्कूल में हुआ भव्य सम्मान समारोह
जतिन की इस शानदार उपलब्धि पर उनके विद्यालय में विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान स्कूल प्रबंधन की ओर से जतिन और उनके माता-पिता का फूलमालाओं एवं अंगवस्त्र पहनाकर स्वागत किया गया।
 
समारोह में एनसीसी कैडेट्स ने भी जतिन का गर्मजोशी से अभिनंदन किया। वहीं उत्तराखण्ड की पारंपरिक संस्कृति की झलक भी देखने को मिली। ढोल-दमाऊ और छोलियारों की प्रस्तुति के बीच छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने खुशी जाहिर की। पूरे विद्यालय परिसर में उत्सव जैसा माहौल रहा।
 
जतिन ने माता-पिता और शिक्षकों को दिया सफलता का श्रेय
अपनी सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए जतिन सिंह भाट ने इसका श्रेय अपने माता-पिता, शिक्षकों और विद्यालय के मार्गदर्शन को दिया। उन्होंने युवाओं को संदेश देते हुए कहा कि जो विद्यार्थी डिफेंस क्षेत्र में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं, उन्हें नियमित पढ़ाई, अनुशासन और मेहनत को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाना चाहिए।
 
जतिन ने यह भी कहा कि युवाओं को अपनी रुचि के क्षेत्र में लगातार प्रयास करते रहना चाहिए। सफलता पाने के लिए निरंतरता और खुद पर विश्वास बनाए रखना बेहद जरूरी है।
 
बेटे की उपलब्धि पर भावुक हुईं मां
जतिन की सफलता से उनकी माता गीता भाट बेहद भावुक नजर आईं। उन्होंने कहा कि बेटे की इस उपलब्धि पर उन्हें ऐसा लग रहा है जैसे उनका सपना सच हो गया हो। उन्होंने जतिन को इस मुकाम तक पहुंचाने में योगदान देने वाले विद्यालय के शिक्षकों और प्रबंधन का आभार व्यक्त किया।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

राज्य स्थापना दिवस पर अमर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, राज्य आंदोलनकारी हुए सम्मानित

Tue Nov 10 , 2026
देहरादून : जनपद में राज्य स्थापना दिवस हर्षाेल्लास एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उत्तराखंड राज्य निर्माण के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर उनका भावपूर्ण स्मरण किया गया। वहीं, राज्य आंदोलनकारियों एवं उनके परिजनों को शॉल भेंटकर तहसील स्तर पर […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!