सीडीओ वरुणा अग्रवाल ने की डायट की कार्ययोजना की समीक्षा, प्रशिक्षण के शैक्षणिक प्रभाव का मूल्यांकन करने के दिए निर्देश

टिहरी : मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल की अध्यक्षता में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट), नई टिहरी की कार्यक्रम परामर्शी समिति की बैठक वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में डायट की वर्ष 2025-26 की प्रगति समीक्षा के साथ-साथ वार्षिक कार्ययोजना 2026-27 के अंतर्गत प्रस्तावित विभिन्न कार्यक्रमों एवं गतिविधियों पर चर्चा की गई।

‎बैठक में प्रस्तुतीकरण के माध्यम से बताया गया कि वर्ष 2025-26 के दौरान डायट के द्वारा समग्र शिक्षा में संपादित प्रशिक्षण कार्यक्रमों के तहत आधारभूत साक्षरता एवं संख्या ज्ञान (एफएलएन) के अंतर्गत 1,161 शिक्षकों, कौशलम प्रशिक्षण के तहत 912 शिक्षकों, आंगनबाड़ी कार्यकर्त्रियों के प्रशिक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 212 कार्यकर्त्रियों, आनन्दम कार्यक्रम के तहत 247 शिक्षकों, अबेकस कार्यक्रम के अंतर्गत 82 शिक्षकों तथा एसएमसी प्रशिक्षण के तहत 150 एसएमसी सदस्यों को प्रशिक्षण प्रदान किया गया।

‎मुख्य विकास अधिकारी ने बैठक में शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रमों को अधिक प्रभावी एवं परिणामोन्मुख बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि जनपद में आयोजित होने वाले समस्त शिक्षक प्रशिक्षण कार्यक्रमों का विस्तृत कार्ययोजना समय से उपलब्ध कराया जाए, ताकि वरिष्ठ अधिकारी भी प्रशिक्षण में प्रतिभाग कर इसकी गुणवत्ता का अवलोकन कर सकें। ‎उन्होंने निर्देशित किया कि जिन विद्यालयों में विद्यार्थियों का परीक्षा परिणाम अपेक्षाकृत संतोषजनक नहीं रहा है, उन विद्यालयों के शिक्षकों को प्रशिक्षण में प्राथमिकता के आधार पर शामिल किया जाए, जिससे प्रशिक्षण का वास्तविक लाभ विद्यार्थियों तक पहुंचे।

‎मुख्य विकास अधिकारी ने डायट अधिकारियों को निर्देशित किया कि विगत वर्ष प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले शिक्षकों की सूची उपलब्ध कराई जाए तथा यह स्पष्ट किया जाए कि प्रशिक्षण का विद्यालयों की शैक्षणिक गुणवत्ता एवं परीक्षा परिणामों पर क्या प्रभाव पड़ा। उन्होंने प्रशिक्षण कार्यक्रमों की निगरानी व्यवस्था, मूल्यांकन प्रणाली तथा उनसे प्राप्त उपलब्धियों का भी विस्तृत विवरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

‎बैठक में डायट अधिकारियों ने संस्थान की आवश्यकताओं से संबंधित विभिन्न प्रस्ताव प्रस्तुत किए। अधिकारियों ने डायट में दैनिक मजदूरी के आधार पर एक सफाई कर्मी की व्यवस्था किए जाने तथा जनपद के छात्र-छात्राओं के लिए एक्सपोजर विजिट आयोजित करने हेतु आवश्यक बजट उपलब्ध कराने का अनुरोध किया।

‎बैठक में प्राचार्य डायट सुमेर सिंह कैन्तुरा, प्रवक्ता देवेंद्र भंडारी, नरेंद्र कुमाईं, डॉ. वीर सिंह, राजेंद्र प्रसाद बडोनी, बीआरपी चंबा विकास महर, सीआरपी पांगरखाल आँचल सेमवाल, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी दिनेश चन्द रमोला, डॉ. अजय कुमार चौरसिया, अभिषेक शुक्ला सहित वर्चुअल माध्यम से मुख्य शिक्षा अधिकारी कमला तथा कार्यक्रम परामर्शी समिति के सदस्य उपस्थित रहे।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

मुख्यमंत्री की घोषणा को मिली मंजूरी, महाबगढ़ मंदिर का होगा सौंदर्यीकरण

Sun Aug 2 , 2026
यमकेश्वर : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की घोषणा के क्रम में जनपद पौड़ी गढ़वाल के यमकेश्वर विधानसभा क्षेत्र स्थित महाबगढ़ मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य को शासन से प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति प्रदान कर दी गयी है। इससे मंदिर परिसर के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त होगा तथा यमकेश्वर क्षेत्र में […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!