पौड़ी में सतपाल महाराज की बैठक का कांग्रेस ने किया विरोध, गुलदार के आतंक और पंकज कुमार हत्याकांड पर चुप्पी को लेकर जताई नाराज़गी

पौड़ी। कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज की पौड़ी में आयोजित बैठक उस समय विवादों में घिर गई, जब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैठक स्थल के बाहर जोरदार प्रदर्शन और नारेबाज़ी शुरू कर दी। कांग्रेस नेताओं ने क्षेत्रीय उपेक्षा, चौबट्टाखाल क्षेत्र में बढ़ते गुलदार आतंक तथा पंकज कुमार हत्याकांड मामले में मंत्री की कथित चुप्पी को लेकर नाराज़गी जताई।

प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं का आरोप था कि चौबट्टाखाल क्षेत्र में गुलदार के लगातार बढ़ते हमलों से लोग दहशत में हैं और कई परिवार अपनों को खो चुके हैं, लेकिन सरकार की ओर से अब तक कोई प्रभावी कदम नहीं उठाया गया। इसके अलावा चर्चित पंकज कुमार हत्याकांड पर भी मंत्री की ओर से कोई स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने नहीं आने से लोगों में आक्रोश है।

कांग्रेस प्रदेश सचिव कवींद्र इष्टवाल ने कहा कि सरकार जनता की समस्याओं के समाधान में पूरी तरह विफल साबित हो रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सतपाल महाराज अपने क्षेत्र में गुलदार के आतंक से लोगों को निजात दिलाने में नाकाम रहे हैं और पंकज कुमार हत्याकांड जैसे गंभीर मामले पर भी चुप्पी साधे हुए हैं।

इष्टवाल ने कहा कि जब क्षेत्र की जनता भय और असुरक्षा के माहौल में जी रही है, तब जनप्रतिनिधियों का मौन बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। सरकार को जवाब देना चाहिए कि आखिर जनता की सुरक्षा और न्याय के मुद्दों पर संवेदनशीलता क्यों नहीं दिखाई जा रही।

वहीं कांग्रेस नेताओं ने यह भी आरोप लगाया कि बैठक में मीडिया को प्रवेश नहीं दिया गया, जबकि भाजपा कार्यकर्ता अंदर मौजूद रहे। इसे लेकर कांग्रेसियों ने पारदर्शिता पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि बैठक सरकारी थी तो मीडिया को बाहर क्यों रखा गया।

बैठक स्थल के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने काफी देर तक प्रदर्शन किया और सरकार के खिलाफ नारेबाज़ी की। घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक माहौल गरमा गया है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

गेप्स द्वारा राजकीय इण्टर कॉलेज कर्तिया में करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम आयोजित

Thu May 14 , 2026
रिखणीखाल : ग्राम्य एकता प्रगति प्रेमांजलि समागम समिति (गेप्स) कोटद्वार के तत्वावधान में राजकीय इण्टर कॉलेज कर्तिया (पैनो) रिखणीखाल में बाल सखा प्रकोष्ठ के अंतर्गत करियर मार्गदर्शन एवं परामर्श कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य सुनील कुमार ने की। कार्यक्रम का उद्घाटन मुख्य अतिथि राम […]

You May Like

Breaking News

Share
error: Content is protected !!