प्रेम संबंध के चलते पत्नी ने की पति की हत्या, गिरफ्तार

काशीपुर : ऊधम सिंह नगर जिले के काशीपुर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या कर दी। हत्या के बाद दोनों आरोपियों ने सबूत मिटाने के उद्देश्य से शव को नहर में फेंक दिया। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि शव की तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन जारी है।

मामला 1 मई को सामने आया, जब उत्तर प्रदेश के रामपुर जिले के स्वार थाना क्षेत्र निवासी चंद्रवती ने काशीपुर की आईटीआई कोतवाली में अपने बेटे कुलवंत सिंह के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि कुलवंत 25 अप्रैल को अपनी पत्नी गुड्डी से मिलने काशीपुर के बांसखेड़ा गांव गया था, लेकिन उसके बाद वापस नहीं लौटा।

परिजनों ने जब बहू गुड्डी से पूछताछ की तो उसके जवाब संतोषजनक नहीं थे। इसी बीच स्थानीय लोगों ने जानकारी दी कि 25 अप्रैल को पति-पत्नी के बीच झगड़ा हुआ था, जिसके बाद से कुलवंत गायब है। इससे परिजनों और पुलिस का शक गहरा गया।

जांच के दौरान पुलिस ने सर्विलांस की मदद ली, जिससे चौंकाने वाला खुलासा हुआ। पता चला कि गुड्डी का रामपुर निवासी कपिल मौर्या उर्फ राहुल मौर्या (29) के साथ प्रेम संबंध था। घटना के समय दोनों की लोकेशन एक ही स्थान पर पाई गई, जिससे पुलिस का संदेह और मजबूत हो गया।

 

शराब में जहर मिलाकर की हत्या

पुलिस की सख्त पूछताछ में गुड्डी ने अपना अपराध कबूल कर लिया। उसने बताया कि उसका पति शराब का आदी था और उसे प्रताड़ित करता था। इससे तंग आकर उसने अपने प्रेमी के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची। 25 अप्रैल को गुड्डी ने अपने प्रेमी से जहर और शराब मंगवाई और अपने पति को जहर मिली शराब पिला दी, जिससे उसकी मौत हो गई।

 

शव को नहर में फेंका

हत्या के बाद गुड्डी ने अपने प्रेमी कपिल को बुलाया। दोनों ने मिलकर शव को एक कार (UP88-BB-6054) में रखा और NH-74 बाईपास पुल से तुमड़िया डैम की बड़ी नहर में फेंक दिया।

 

आरोपी गिरफ्तार, शव की तलाश जारी

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की। आईटीआई कोतवाली पुलिस और एसओजी टीम ने साक्ष्य जुटाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर न्यायालय में पेश किया गया है। फिलहाल पुलिस और SDRF की टीम नहर में शव की तलाश के लिए सघन सर्च ऑपरेशन चला रही है।

Portaladmin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

पश्चिम बंगाल में भाजपा की प्रचंड जीत पर ज्योर्तिमठ में जश्न

Tue May 5 , 2026
ज्योतिर्मठ : पश्चिम बंगाल के चुनावी रण में भारतीय जनता पार्टी की ऐतिहासिक विजय का उत्साह अब देवभूमि के पहाड़ों में भी साफ दिखाई दे रहा है। ज्योतिर्मठ में नगर मंडल अध्यक्ष अमित सती के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार विजय जुलूस निकालकर अपनी खुशी का इजहार किया। आतिशबाजी […]

You May Like

Share
error: Content is protected !!